गोदाम किराये पर देने का झांसा देकर 11 लाख हड़पे
मुजफ्फरनगर। आदर्श कॉलोनी निवासी व्यापारी को नवीन मंडी में गोदाम किराये पर देने का झांसा देकर दो लोगों ने उससे 11 लाख रुपये हड़प लिए। एसपी सिटी के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी निवासी व्यापारी सुनील कुमार मित्तल ने तहरीर देकर बताया कि उसने अगस्त 2014 में नवीन मंडी स्थल पर स्थित गोदाम संख्या 194 को किराए पर लेने के लिए उसके मालिक मुकेश कुमार से बात की थी। आरोपी ने इस संबंध में किराएदारी संबंधी अनुबंध तैयार कराकर उससे 11 लाख रुपये लिए थे। आरोप है कि इसके बाद से ही न तो आरोपी ने उसे गोदाम पर कब्जा दिया और न ही उसके रुपये लौटाए। जब पीड़ित 28 सितंबर को मुकेश से रुपयों का तकादा करने उसके घर गया तो उसने अपने साथी विनोद के साथ मिलकर रुपये देने से इंकार कर उसे धमकियां दी। पीड़ित ने एसपी सिटी सतपाल आंतिल से आरोपियों से जानमाल का खतरा जताते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई थी। एसपी सिटी के आदेश पर पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।