मुजफ्फरनगर। ग्रेन चैंबर पब्लिक स्कूल की छात्रा प्रिया देवी का प्रधानमंत्री द्वारा ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम में चयन हुआ है।
कक्षा-11 विज्ञान वर्ग की यह होनहार छात्रा 29 जनवरी को तालकटोरा स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम ‘परीक्षा पर चर्चा’ में भाग लेंगी। जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी उसके द्वारा पूछे गए सवालों का सीधा जवाब देंगे। प्रधानाचार्य आजादवीर ने बताया कि इस कार्यक्रम में चयन के लिए ऑनलाइन परीक्षा में प्रतिभाग किया था। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा प्रिया देवी ने इस ऑनलाइन क्विज में स्टैचू ऑफ यूनिटी के लिए कैप्शन लिखकर एवं साथ ही नरेंद्र मोदी द्वारा लिखित किताब एग्जाम वॉरियर्स का पसंदीदा अंक निकालकर इस परीक्षा को उत्तीर्ण करके जनपद के छात्रों का प्रतिनिधित्व करने का गौरव हासिल किया है। कूकड़ा के कमलनगर निवासी प्रिया दिल्ली में होने वाली ‘परीक्षा की बात पीएम के साथ’ में विद्यार्थियों की समस्याओं पर पीएम नरेंद्र मोदी से चर्चा करने के लिए बहुत ही उत्साहित है। बेटी की इस उपलब्धि से पिता इंजीनियर बिनेश कुमार और मां सुमन रानी समेत सभी परिजनों में खुशी की लहर है।