देवबंद के खिलाड़ियों ने नेपाल में लहराया तिरंगा
देवबंद। काठमांडू (नेपाल) में आयोजित स्पोर्ट्स फेस्टिवल में देवबंद की बसंत स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में 15 पदक जीतकर पूरे देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को देवबंद पहुंचे खिलाड़ियों का लोगों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।
एकेडमी हेड बसंत उपाध्याय ने बताया कि दिपांशु धीमान ने कराटे में स्वर्ण व रजत पदक, अंकित ने कांस्य पदक, सलमान ने तीन किमी दौड़ में स्वर्ण व समर ने 5 किमी दौड़ में स्वर्ण, जूनियर वर्ग में आशीष गुप्ता ने 3 किमी दौड़ में स्वर्ण, कोचिन ने 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण, आशीष ने 100 मीटर दौड़ में कांस्य, प्रक्षित व नीतिश ने बैडमिंटन में स्वर्ण व रजत, अंकुर व अंकित ने कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतकर अपने देश, प्रदेश व नगर का नाम रोशन किया है। उक्त खिलाड़ियों का शुक्रवार को देवबंद पहुंचने पर बैंडबाजों के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर भाजपा नगराध्यक्ष गजराज सिंह राणा, मनोज नामदेव आदि मौजूद रहे।