मुजफ्फरनगर। बीसीसीआई की अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी के लिए चार दिवसीय क्रिकेट मैच आगामी सात जनवरी से यहां चौधरी चरण सिंह जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेला जाएगा। मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन ने इस मैच की अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। पूल बी में यह छठा लीग मैच उत्तर प्रदेश और विदर्भ के बीच खेला जाना है।
एमसीए ने शुक्रवार को मैच के आयोजन के लिए पहली बैठक कर मैदान को ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया। साथ ही बैठक में मैच को कराने के लिए विभिन्न समितियों के गठन पर भी चर्चा की गई। सचिव मनोज पुंडीर ने बताया कि पहले चरण में स्टेडियम स्थित क्रिकेट पिच और मैदान को ठीक करने का लक्ष्य रखा गया है। मैच के लिए एमसीए ने स्टेडियम भी निर्धारित तारीख में आरक्षित कराया हैं। क्रिकेट पवेलियन में भी पुताई और बिजली, पानी को सही कराने के लिए जिला खेल अधिकारी प्रेम कुमार को निवेदन किया गया है। मैदान और पिच के लिए एमसीए ने अपने दो प्रशिक्षित मैदान कर्मी नियुक्त कर दिए है। फिलहाल क्यूरेटर रविंद्र चौहान की देखरेख में पिच तैयार कराई जा रही है। अगले सप्ताह बीसीसीआई की पिच कमेटी भी यहां का दौरा करेंगी। टीमों और मैच ऑफिसियल के लिये होटल भी बुक किये जा चुके है। मीटिंग में अध्यक्ष भूपेंद्र यादव, चेयरमैन भीम कंसल, सचिव मनोज पुंडीर, उपाध्यक्ष कुशलपाल सिंह, इंदर माथुर, योगेंद्र मलिक, प्रवीण मलिक, संजय शर्मा, ओमदेव सिंह, रोहित चौधरी, मुकेश त्यागी, संजय चौधरी, आशीष भटनागर, अजय जैन, कोच प्रीति, गौरव सिद्धार्थ, अरशद, मनीष त्यागी उपस्थित रहे। मुजफ्फरनगर में यह लगातार 10वे साल बी सीसीआई कि किसी ट्रॉफी का मैच खेला जाएगा।