जील, नतालिया ने डबल्स मुकाबले में जमाया रंग
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। आईटीएफ महिला टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दिन डबल्स मुकाबलों में भारत की जील देसाई और जर्मनी की नतालिया सिएडलिस्का की जोड़ी ने उम्दा खेल के सहारे जीत हासिल की। बुल्गारिया की नायडेनोवा और जर्मनी की एस. सेकुलिक तथा भारत की निधि चिलुमुला और अस्मिथा ईश्वरामूर्ति ने भी अपने डबल मैचों में विजय पाई।
कोर्ट रोड स्थित सर्विस क्लब के ग्रास कोर्ट पर ढाई बजे से डबल्स मैच खेले गए। भारत की जील देसाई और जर्मनी की नतालिया की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया। एक घंटे से ज्यादा वक्त चले मैच में इस जोड़ी ने भारत की दीक्षा मंजू प्रसाद और सोहा सादिक की जोड़ी को 6-4, 6-0 से हरा दिया। जील टूर्नामेंट में भारत की सबसे अच्छी रैंक की खिलाड़ी हैं। सिंगल्स मैच में भी उन्होंने जापान की मिचिका उजेकी को पराजित किया था। दूसरे डबल्स मैच में बुल्गारिया की इलेक्जेंड्रिना और जर्मनी की एस. सेकुलिक ने भारतीय जोड़ी जेनिफर लुइखम और सौम्या विग को मैच में टिकने ही नहीं दिया। सिर्फ 45 मिनट में विदेशी जोड़ी ने भारतीय खिलाड़ियों को 6-1, 6-1 से हरा दिया। दूसरे दिन का अंतिम मैच साढ़े तीन बजे कोर्ट एक पर खेला गया, जिसमें भारत की निधि चिलुमुला और अस्मिथा ईश्वरामूर्ति ने एकतरफा जीत दर्ज की। हमवतन लीरा राजू और साई देदीप्या की जोड़ी केवल 35 मिनट में ही हार गई। निधि और अस्मिथा ने यह मैच 6-0, 6-1 से जीत लिया।
महत्वपूर्ण
बुल्गारिया की नायडेनोवा एवं जर्मनी की सेकुलिक ने जीता मैच