खेल प्रतियोगिता में ट्रैक पर खूब दौड़े धावक
जानसठ। परिषदीय विद्यालयों की एक दिवसीय ब्लाक स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में तिसंग व बालिका वर्ग में कुतुबपुर के छात्र-छात्राओं का दबदबा रहा। प्रतिभागी छात्र छात्राओं को शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
मंगलवार को डीएवी इंटर कालेज के मैदान में परिषदीय विद्यालयों की ब्लॉक स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नौ न्याय पंचायतों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तर प्रदेश प्राथमिक विद्यालय शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष यादवेंद्र व पूर्व अध्यक्ष मुनेश कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि छात्र छात्राएं शिक्षा के साथ खेलों में भी अपना भविष्य बना सकते हैं। सभी अध्यापकों को अपने बच्चों को खेलों के प्रति जागरूक करना चाहिए। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में 50-100 व 200 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता में बालक वर्ग में तिसंग के सलमान व बालिका वर्ग में कुतुबपुर की सोनम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, सीनियर वर्ग में 200 मीटर की दौड़ में चितौड़ा के वंश व कासमपुर भूम्मा की सोनिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर की दौड़ में सायमा व आफताब ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतिभागी बच्चों को मुख्य अतिथि द्वारा शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मयंक शर्मा, पुष्पराज, अजय अरोरा, गौरव संगल, अमित कुमार, अनुज शर्मा, उवैस सिद्दीकी, मोहम्मद शोएब, रविंद्र, कुलदीप, यशपाल, रोबिन, पवन, राहुल, विमल सिंह, राजेश कटारिया, सादिक अली, हरभजन आदि मौजूद रहे।