एमजी वर्ल्ड विजन में वाद-विवाद प्रतियोगिता
मुजफ्फरनगर। एमजी वर्ल्ड विजन स्कूल में शनिवार को संस्था के संस्थापक लाला हरबंस लाल की याद में लाला हरबंस लाल मेमोरियल अंतरविद्यालयीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
सोशल नेटवर्किंग एंड शेयरिंग इन एंटीसोशलिज्म सामाजिक सिद्धांतों के विरुद्ध उभरता सोशल नेटवर्क विषय पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीडीओ अर्चना वर्मा, स्कूल चेयरमैन सतीश गोयल, सेक्रेट्री सुरेंद्र सिंधी, समाज सेविका मधु गोयल व प्रधानाचार्या डॉक्टर मृणालिनी अनंत द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। छात्राओं ने मधुर स्वागत गान से अतिथियों का स्वागत किया। जनपद के जाने माने विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में अपने विचार व्यक्त किए। होली एंजेल्स कान्वेंट स्कूल से शिवांश सिंघल व कार्तिक त्यागी, एमजी पब्लिक स्कूल से रितंभरा राज व वंशिका त्यागी, एमजी वर्ल्ड विजन से निहारिका व आदित्य कौशिक, एसडी पब्लिक स्कूल से पार्श्व जैन व ध्रुव गुप्ता, द एसडी पब्लिक स्कूल से अनमोल अग्रवाल व अनुष्का गुप्ता, गोल्डन पब्लिक स्कूल से कृष्णा गोयल व खुशी राणा, स्टेपिंग स्टोन्स से अनुष्का व अभिश्री और जेवी पब्लिक से सृष्टि राठी व भूमिका मित्तल ने भाग लिया। निर्णायक मंडल के डॉक्टर आरएम तिवारी व डॉक्टर पीपी पंत ने स्टेपिंग स्टोन्स की अनुष्का चौधरी को प्रथम व एसडी पब्लिक के ध्रुव गुप्ता को द्वितीय पुरस्कार दिया। सीडीओ अर्चना वर्मा ने विजेताओं को ट्रॉफी व चेक प्रदान किया।
वर्कशॉप में अभिभावकों को किया जागरूक
मुजफ्फरनगर। लिटिल मिलेनियम स्कूल द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जॉयफुल पेरेंटिंग वर्कशॉप के अंतिम दिन मुख्य अतिथि मंजीत लेखा ने कार्यक्रम में उपस्थिति अभिभावकों को जागरूक किया। उन्होंने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे-जैसे बच्चे बड़े होते जाते हैं, उनके सीखने की रफ्तार धीमी होती जाती है। अत: बच्चों को अल्पायु से ही अधिक से अधिक अच्छी आदतें सिखानी चाहिएं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भारत पूरे विश्व का नेतृत्व करने की क्षमता रखता है और इतनी बड़ी जिम्मेदारी के लिए भारत के भविष्य अर्थात बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा पर ध्यान देना नितांत आवश्यक है। लेखा ने बच्चों की विभिन्न समस्याओं जैसे, क्रोध, आलस्य व मोबाइल का अधिक इस्तेमाल करने को लेकर भी अभिभावकों को जागरूक किया। अंत में उन्होंने अभिभावकों से अनुरोध किया कि वे अपने बच्चों के पालन-पोषण का अधिक से अधिक ध्यान रखकर उन्हें सकारात्मक वातावरण दें। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने वर्कशॉप को सराहते हुए लिटिल मिलेनियम स्कूल प्रबंधन से इस तरह की वर्कशॉप आगे भी आयोजित करने का अनुरोध किया। कार्यक्रम में अरशद नईम, शितांशु सक्सेना व महिमा माथुर का सहयोग रहा।