मुजफ्फरनगर। गाजावाली में सोमवार की रात कच्चा मकान गिरने से पूरा परिवार मलबे में दब गया। आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को मलबे से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गाजावाली निवासी प्रमोद कच्चे मकान में रहता है। रविवार को हुई बारिश में उसका मकान काफी जर्जर हालत में पहुंच गया था। सोमवार को प्रमोद पत्नी बबली, बेटी रितिका, बेटे तनु व मयंक के साथ ही जानसठ निवासी रिश्तेदार शुभम भी घर में ही सोए हुए थे। देर रात अचानक कच्चा मकान ढह गया। इससे पूरे परिवार के साथ ही रिश्तेदार भी मलबे में दब गए। तेज आवाज के साथ मकान गिरने पर आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद पूरे परिवार को मलबे से बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां प्रमोद की पत्नी बबली की हालत गंभीर बताई जा रही है। आसपास के लोगों ने प्रदेश सरकार से पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की है।
युवक को मोबाइल पर दी धमकी
मुजफ्फरनगर। चरथावल क्षेत्र के गांव दधेड़ू निवासी मुराद आलम ने तहरीर देकर बताया कि उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से हसन अली नामक युवक कई दिन से फोन कर रहा है। आरोप लगाया कि फोन करने से इंकार करने पर हसन अली ने मुराद को गाली-गलौच के साथ ही जान से मारने की भी धमकी दे डाली। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।