मुजफ्फरनगर। कलांगन की कला कार्यशाला में बाल कलाकारों ने जल रंग चित्रण विधि और लोक कला मधुबनी पेंटिंग्स बनाने का प्रशिक्षण लिया।
मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज में चल रही कार्यशाला में अतिथि उत्कल यूनिवर्सिटी ऑफ कल्चर के दक्ष कलाकार मयंक ने छात्र-छात्राओं को जल रंगों के प्रयोग की कला बताई। साथ ही कहा कि इस विधि में रंगों की पारदर्शिता बने रहना आवश्यक होता है। दृश्य चित्रण में रंगों की ताजगी देखते ही बनती है। डॉ. अनिल सैनी ने बच्चों को मधुबनी पेंटिंग्स लोक कला की बारीकियां बताई। उन्होंने कहा कि इस विधा में तकनीकि क्षमता की जरूरत नहीं होती। रुपकारों की सरलता, सहजता और भाव प्रवणता अत्यंत तीव्रता लिये होती है। डॉ. राजबल सैनी ने बताया कि आठ जून से कार्यशाला में पीजीटी और टीजीटी चित्रकला विषय की परीक्षा के लिए विशेषज्ञों द्वारा मार्ग दर्शन किया जाएगा। अदिति गर्ग, मीनू, प्रशांत, अनिता मलिक, सविता रानी, चेतन, देवदयाल, विकुल, ज्योति कश्यप, हर्ष वर्धन, अभिनव, अमान, प्रियंका, ऐश्वर्या गोयल, आस्था जिंदल, इंदू आदि ने भाग लिया।