देशभक्ति कदमों पर खूब थिरके कदम
मुजफ्फरनगर। चौधरी छोटूराम डिग्री कॉलेज में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस शिविर के आखिरी दिन छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। लोगों को सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक किया। आम जनता को संदेश देने के लिए विद्यार्थी हाथों में तख्ती लिए हुए थे। दूसरे सत्र में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ शिविर का समापन हुआ।
जागरूकता रैली का प्राचार्य डॉ नरेश मलिक ने हरी झंडी दिखाकर कॉलेज से ही शुभारंभ किया। रैली शहर के मुख्य मार्गों महावीर चौक, प्रकाश चौक, झांसी की रानी, मीनाक्षी चौक, केशवपुरी होते हुए महाविद्यालय पर संपन्न हुई। कार्यक्रम अधिकारी डॉ अवनीश, डॉ एसके सिंह, डॉ गिरिराज किशोर के नेतृत्व में रैली में छात्र-छात्रा अपने हाथों में नारे लिखी तख्तियां लिए हुए थे। इन तख्तियों के माध्यम से लोगों को भ्रूण हत्या रोकने के लिए जागरूक किया। पर्यावरण सुरक्षा और स्वच्छता का संदेश दिया गया। अशिक्षा, अंधविश्वास आदि सामाजिक बुराइयों के प्रति लोगों को जागृत किया। दूसरे सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। देशभक्ति गीतों के साथ कविता, शायरी, गीत, नाटिका की प्रस्तुति हुई। इस अवसर पर मेस टीम के स्वयं सेवक कुलदीप, कुलवीर, कपिल, अमरेंद्र, अरविंद, आकाश, मनोज, संदीप, संग्राम, विनय, वीरेंद्र, सुंदरम मिश्रा, लीलाधर को पुरस्कृत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए अजीम, शाइस्ता, सौरभ वाजपेयी, कमिंद्र, प्रियांशी पराशर, विजय कुमार आदि को सम्मानित किया गया। संचालन सारिक ने किया। डॉ विजय ढाका ने कहा कि शिविर भले ही सात दिन का हो, लेकिन जीवनपर्यंत के लिए यादगार बनता है। डॉ एनके परुथी ने सबको बधाई दी। प्राचार्य नरेश मलिक ने कहा कि शिविर से एक आत्मविश्वास पैदा होता है। राष्ट्र और समाज के प्रति कर्तव्य का बोध होता है। अनुशासन सीखने को मिलता है। डॉ हरेंद्र सिरोही, डॉ अरुण कुमार, डॉ श्रीकांत, वीरेंद्र, हरिओम, सुभाष कुमार, नुपूर, रीतू, रीता, गौरव जैन आदि शिक्षकों ने विचार रखे।