मुजफ्फरनगर। वैदिक संस्कृति के प्रसिद्ध प्रचारक बिजनौर के नरेश दत्त आर्य को उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया। सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा के राष्ट्रीय प्रधान स्वामी आर्यवेश ने कहा कि देशभर के संचालित गुरुकुलों का पांच और छह जुलाई को दिल्ली के रामलीला मैदान में अधिवेशन होगा।
संस्कार चेतना अभियान के संयोजक आचार्य गुरुदत्त आर्य के नेतृत्व में आर्य समाज के पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने शामली में स्वामी आर्यवेश से भेंट की। इस मौके पर वैदिक भजनोपदेशक नरेशदत्त आर्य का आचार्य ने अभिनंदन किया। स्वामी आर्यवेश ने कहा कि गुरुकुल चरित्र निर्माण की इकाई है। विद्वानों और वेद प्रचारकों का निर्माण गुरुकुल में होता है। पांच और छह जुलाई को दिल्ली के रामलीला मैदान में देश भर के गुरुकुलों का अधिवेशन बुलाया गया है, जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे। केंद्र सरकार गुरुकुलों को मान्यता के साथ अनुदान दे। वैदिक विद्वानों को शिक्षा, साहित्य लेखन और सामाजिक कार्यो के लिए प्रोत्साहित किया जाए। अधिवेशन में भागेदारी के लिए हर जिले से आर्य समाज के कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल में आरपी शर्मा, योगेश्वर दयाल, आनंदपाल सिंह आदि शामिल रहे।