शिवसैनिकों का डीएम ऑफिस पर हंगामा
मुजफ्फरनगर। जिले में बुखार के बढ़ते प्रकोप को लेकर शिवसैनिकों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर हंगामा किया। जिला प्रशासन पर बुखार की रोकथाम में विफलता का आरोप लगाया। बुखार पर कंट्रोल के लिए जिला स्तर पर अभियान चलाने की मांग की।
शिवसेना कार्यकर्ताओं ने जिला प्रमुख नरेंद्र पंवार और नगर प्रमुख देवेंद्र चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जनपद में डेंगू, मलेरिया, वायरल और चिकनगुनिया जैसे गंभीर रोगों को रोक पाने में विफल जिला प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की। शिवसेना नेताओं ने डीएम जीएस प्रियदर्शी को ज्ञापन सौंपते हुए गंभीर रोगों से निजात दिलाने की मांग की। इससे पूर्व, पार्टी कार्यालय पर आयोजित बैठक में शिवसेना नेता ललित मोहन शर्मा ने शासन प्रशासन पर जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि गत दो माह से जनपद में डेंगू, वायरल, मलेरिया जैसे गंभीर रोगों से जनता जूझ रही है। प्रशासन नींद से जागा ही नहीं है। जिला चिकित्सालय में लोगों का उपचार करने के बजाए चिकित्सक मरीजों को मेरठ-दिल्ली रैफर करने में लगे हैं। जिला चिकित्सालय में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। प्रदर्शनकारियों में राजेश शर्मा, अनुज चौधरी, वैभव यादव, मंगतराम, शैलेंद्र शर्मा, भुवन मिश्रा, अशीष मिश्रा, बाबूराम, आशुतोष शर्मा, राजकुमार कोरी, विवेक शर्मा, शैंकी शर्मा, अनिल कलसानिया आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।