वर्षों से सूखे कुएं से आया पानी
चरथावल। बलवाखेड़ी-कयामपुर मार्ग पर जंगल में कई दशकों से सूखे पड़े कुएं में पानी आने से ग्रामीण आश्चर्यचकित हैं। बृहस्पतिवार को करीब 25 फीट गहरे कुएं में पानी देखकर किसानों की उत्सुकता बढ़ी। गांव में खबर फैली तो महिलाएं समेत बच्चे और बुजुर्ग लोग बर्तन लेकर कुएं की तरफ दौड़ पड़े। कोई उसके पानी में नहाने लगा तो कुछ ने बीमारियों से निजात दिलाने के लिए पीना शुरू कर दिया। उधर, ग्रामीण रामभूल सिंह पुंडीर और अंकुर राणा कहते हैं कि वैज्ञानिक युग में इस तरह से पानी निकलना सिर्फ सामान्य प्रक्रिया है। बरसात के बाद नहर नजदीक होने के कारण चोया कभी भी उतर सकता है। इसके लिए कोई समय सीमा निर्धारित नहीं होती है।
आपूर्ति सुचारु नहीं हुई तो आंदोलन
चरथावल। भाकियू ब्लाक अध्यक्ष विकास शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल के साथ विद्युत निगम के एक्सईएन से मिलकर ग्रामीण इलाकों मे सीएम के दावे के अनुरूप 18 घंटे आपूर्ति कराने की मांग की है। आरोप लगाया कि पिछले एक पखवाड़े से आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है। समस्या जानने के लिए चरथावल बिजली घर पर कोई कर्मचारी फोन नहीं उठाता। कस्बे की आपूर्ति भी लडख़ड़ा गई है। भाकियू नेताओं ने अफसरों को एक हफ्ते में आपूर्ति सुचारू नहीं होने पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। कुटेसरा में जर्जर तारों को बदलवाने की मांग की। सुशील राणा बान नगर अध्यक्ष सुशील राणा, मदन सिंह पीपलशाह, उमेश सिंह, नरेश राणा, अमरीश ठाकुर मौजूद रहे।