कॉलेजों ने नोटिस बोर्ड पर चस्पा की मेरिट
मुजफ्फरनगर। कॉलेजों ने नोटिस बोर्ड पर मेरिट चस्पा कर दी है। छात्र-छात्राएं मेरिट में अपना नंबर देख सकते हैं। वहीं, एडमिशन के लिए पूरी तरह से तैयार रहें। सोमवार से कालेजों में एडमिशन के लिए भागदौड़ शुरू होगी। पहली मेरिट से तीन दिनों तक एडमिशन का मौका मिलेगा। उसके बाद दूसरी कटऑफ जारी होगी।
चौधरी चरणसिंह विश्वविद्यालय द्वारा 20 जुलाई की रात को पहली कटऑफ जारी की गई थी। 21 जुलाई को शिवरात्रि की कालेजों में छुट्टी रही। शनिवार को कालेजों में मेरिट को लेकर मंथन किया गया। कालेजों ने मेरिट को नोटिस बोर्ड पर लगाकर सार्वजनिक कर दिया है। यूपी और सीबीएसई बोर्ड की अलग-अलग मेरिट चस्पा की गई है। छात्र-छात्राएं मेरिट का अवलोकन कर अपना नंबर देख लें। उसके बाद कालेज की संपूर्ण डिटेल जुटाकर एडमिशन लें। कालेज द्वारा दिखाई गई सुविधाओं की भी बारीकी से जांच-पड़ताल करें, उसके बाद ही अपना एडमिशन फार्म जमा कराएं। एडमिशन प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी। पहली मेरिट के आधार पर तीन दिनों तक एडमिशन चलेंगे। उसके बाद दूसरी कटऑफ जारी होगी। कालेज प्रशासन को भी विषयवार छात्र-छात्राओं की पूरी डिटेल प्रवेश फार्म से मिलान करनी होगी। विवि के सहायक प्रेस प्रवक्ता डॉ प्रशांत कुमार ने बताया कि सोमवार से कालेज पहली मेरिट के माध्यम से एडमिशन लेंगे। छात्र-छात्राएं विवि द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के आधार पर अपना एडमिशन कंपलीट कराएं।