मुजफ्फरनगर। बझेड़ी फाटक पर कांवड़ियों ने हंगामा कर काफी देर तक फाटक बंद नहीं करने दिए। गेटमैन के विरोध करने पर उसके साथ हाथापाई की कोशिश की गई। बाद में फाटक के निकट लगी पुलिस पिकेट ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला, तब जाकर फाटक बंद हो सके।
हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वाले अधिकांश पैदल कांवड़िये गांव सिसौना, बझेड़ी से होते हुए मुख्य रूप से शहर में एंट्री करते हैं। शनिवार से कांवड़ियों की भीड़ बढ़ गई है। पैदल और बाइक सवार कांवड़ियां अपने शिवालयों की ओर बढ़ रहे हैं। शनिवार से बहाल हुई ट्रेनों के कारण रेलवे ट्रैक भी चहल-कदमी बढ़ गई है। शनिवार सुबह पैसेंजर ट्रेन आने के दौरान बझेड़ी फाटक को बंद किया जा रहा था, तभी कांवड़ियों की भीड़ ने फाटक को बंद करने को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। गेटमैन के विरोध करने पर उसके साथ हाथापाई की कोशिश की गई। हंगामे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी प्रकार स्थिति को संभाला और फाटक बंद कराए। बामनहेड़ी स्टेशन मास्टर वीके मलिक ने बताया कि बझेड़ी रेलवे फाटक पर कोई विवाद हुआ है, उनकी जानकारी में नहीं है। उन्होंने सुबह ड्यूटी संभाली थी। उससे पहले कोई झगड़ा हुआ है तो जानकारी ली जा रही है।