सड़क निर्माण के लिए 1.22 करोड़ जारी
मुजफ्फरनगर। लंबे इंतजार के बाद रुड़की रोड की सड़क के लिए एक करोड़ 22 लाख जारी हो गए हैं। लोनिवि एक सप्ताह में इसके टेंडर की प्रक्रिया को पूरा करेगा। सड़क में गड्ढे होने के कारण यहां प्रतिदिन हादसे हो रहे थे। क्षेत्र के लोगों ने इस सड़क की समस्या को राज्यमंत्री कपिलदेव के समक्ष रखा था, जिसके बाद सड़क को बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था।
रुड़की चुंगी से लेकर राधा स्वामी सत्संग व्यास तक की सड़क इस समय बदहाल है। इस मार्ग से आम आदमी की निकलना भी मुश्किल है। क्षेत्र के लोगों ने अपनी समस्या राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल के सामने रखी थी। अग्रवाल के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने सड़क का प्रस्ताव शासन को भेजा था। इस सड़क को लेकर कपिलदेव अग्रवाल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले थे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बृहस्पतिवार को इस सड़क के निर्माण के लिए एक करोड़ 22 लाख रुपये जारी कर दिया गया। कपिलदेव अग्रवाल ने बताया कि एक सप्ताह में सड़क के टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। सड़क का निर्माण भी शीघ्र ही कराया जाएगा। इस सड़क के बनने से शहर में एंट्री करने वाले लोगों को लाभ होगा।