मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के बुद्धि विहार में सोमवार रात फर्म कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय वह अपने दोस्तों के साथ बुद्धि विहार में गोल चक्कर पर टहलने गया था। इसी दौरान उसे गोली मार दी। दोस्त उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना मझोला के नया गांव गांगन तिराहा निवासी राज कपूर शर्मा दिल्ली रोड पर आकांक्षा कार शोरूम के पीछे फर्म के बाहर कैंटीन चलाते हैं। बड़ा बेटा रवि शर्मा फर्म में नौकरी करता है। छोटा प्रेम शर्मा (22) भी फर्म में काम करता था। इसके अलावा वह पिता के साथ कैंटीन चलाने में भी मदद करता था। प्रेम शर्मा ने इसी साल बारहवीं की परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी। रवि ने बताया कि उसका भाई प्रेम अपने दोस्त अरुण उर्फ गोल्डी, मयंक और गौरव के साथ रोज की तरह सोमवार रात खाना खाने के बाद बुद्धि विहार में गोल चक्कर के पास टहलने गया था। रात करीब साढ़े नौ बजे मयंक ने रवि को कॉल कर बताया कि प्रेम को किसी ने गोली मार दी है। रवि और उसके परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। तब तक दोस्त उसे साईं अस्पताल लेकर पहुंच गए थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने एसएसपी हेमराज मीना, एसपी सिटी मौके पर पहुंच गए और फोरेंसिक टीम भी बुला ली गई। पुलिस ने जांच पड़ताल की और उसके दोस्तों से बातचीत की। पुलिस को पता चला कि प्रेम शर्मा का दोस्त एवं मेडिकल स्टोर संचालक का बेटा अरुण उर्फ गोल्डी किराये पर कैमरा देने का काम करता है। उसने मिलन विहार निवासी युवक को कैमरा किराये पर दिया था। कैमरे के किराये के पैसों को लेकर उसका विवाद हो गया था। ये भी बात सामने आई है कि कल दोनों पक्षों में विवाद हुआ था।
सोमवार रात इसी विवाद के मामले में बातचीत के लिए सभी बुद्धि विहार में गोल चक्कर तालाब के पास जुटे थे। इसी दौरान कहासुनी हो गई। मिलन विहार निवासी युवक के साथ आए लाइनपार निवासी उसके साथी ने फायरिंग कर दी। गोली प्रेम शर्मा को बाई बगल में लगी। जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। मयंक, गौरव और अन्य युवक घायल प्रेम को लेकर नया मुरादाबाद पहुंचे, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। इसके बाद दोस्त उसे साईं अस्पताल लेकर आ गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।