फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: भगतपुर में युवक की गोली मारकर हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
भगतपुर (मुरादाबाद)। भगतपुर के बहेड़ी रोशनपुर में शुक्रवार रात 20 वर्षीय युवक ऋषिपाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव घर से करीब दो सौ मीटर दूर यूकेलिप्टस के बाग में पड़ा मिला। पिता राजेश की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही दंपती और दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है। गोली युवक की दाहिनी कनपटी पर सटाकर मारी गई थी।
विज्ञापन

बहेड़ी रोशनपुर गांव में बंजारा जाति के राजेश कुमार का परिवार रहता है। राजेश की छोटी सी खेती की जमीन है। वह खेतीबाड़ी के साथ ही मजदूरी भी करता है। उसका सबसे बड़ा बेटा ऋषिपाल पिता के साथ खेतीबाड़ी में मदद करने के साथ ही टाइल्स और मार्बल्स पत्थर लगाने का काम भी करता था। राजेश ने बताया कि शुक्रवार की रात वह और उसकी पत्नी रुक्मणी घर में सो रहे थे जबकि ऋषिपाल घर से कुछ ही दूरी पर घेर में सो रहा था। परिवार के अन्य सदस्य उत्तराखंड के काशीपुर में रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गए थे।
पिता राजेश के अनुसार शुक्रवार रात करीब नौ बजे ऋषिपाल भगतपुर के भतगवां गांव में रहने वाली अपनी बुआ अंचला पत्नी कोमल सिंह से फोन पर बात कर रहा था। ऋषिपाल ने अपनी बुआ से कहा कि वह रेलवे स्टेशन के पास यूकेलिप्टस के बाग में गेहूं भरवाने आया हूं। तभी बुआ ने फोन पर ही गोली चलने की आवाज सुनी। इसके बाद ऋषिपाल की आवाज आनी बंद हो गई।
विज्ञापन

अनहोनी की आशंका में घिरी बुआ ने भाई राजेश और अन्य परिजनों को फोन पर घटना की जानकारी दी। इसकी जानकारी मिलने पर राजेश और अन्य परिजन ऋषिपाल की तलाश करते हुए रेलवे लाइन की ओर गए। घर से करीब दो सौ मीटर दूर यूकेलिप्टस के बाग में ऋषिपाल का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। सूचना मिलने पर भगतपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद फोरेंसिक टीम भी मौके पर बुला ली गई।
एसपी देहात संदीप कुमार मीना ने मौका मुआयना किया। शनिवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि ऋषिपाल को दाहिनी कनपटी पर तमंंचा सटाकर गोली मारी गई थी। युवक के पिता की तहरीर पर गांव निवासी एक महिला और उसके पति व दो अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।


टूट गई थीं सिर की हड्डियां, फंसी मिली बुलेट
भगतपुर पुलिस ने ऋषिपाल के शव का पोस्टमार्टम कराया। इससे पहले शव का एक्सरे कराया गया। जिसके जरिए बुलेट का एंट्री व एग्जिट प्वाइंट देखा गया। शनिवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि ऋषिपाल के सिर में दाहिनी कनपटी से तमंचा सटाकर गोली मारी गई थी। बुलेट उसके सिर में ही फंस गई थी। गोली लगने से सिर की कई हड्डियां टूट गईं। अत्यधिक खून बह जाने और हड्डियां टूटने से उसकी मौत हुई थी। शरीर में अन्य किसी जगह चोट नहीं आई है।


नामजद महिला ने तीन दिन पहले घर आकर दी थी धमकी
केस में नामजद की गई महिला को शक था कि ऋषिपाल उसकी नाबालिग बेटी का पीछा करता है। उसने तीन दिन पहले यूपी 112 पर कॉल कर पुलिस भी गांव में बुला ली थी। तब पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी गांव आए थे और दोनों पक्षों को समझाकर चले गए थे। इसके अलावा महिला से पुलिस कर्मियों ने कहा था कि अगर दोबारा परेशान करे तो थाने जाकर लिखित में शिकायत कर देना। आरोप है कि तब महिला युवक के घर गई थी। उसने युवक को धमकाने के साथ ही परिवार को भी चेतावनी दी थी कि अगर दोबारा उसकी बेटी को परेशान करेगा तो जेल भिजवा दूंगी। महिला ने उसे जान से मारने तक की धमकी दी थी।



एक युवक की गोली लगने से मौत हुई है। युवक के पिता की तहरीर पर गांव के ही पति-पत्नी और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस हर एंगल पर मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
विज्ञापन

संदीप कुमार मीना, एसपी देहात
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें