मुरादाबाद के कांठ में गांगन नदी के रपटा पुल पर दोस्तों के साथ घूमने गया युवक जुगनेश (19) सेल्फी लेते और वीडियो बनाते समय अचानक फिसलकर गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह नदी में समा गया।
विज्ञापन
उसे बचाने के प्रयास में दो दोस्त भी डूबने से बाल-बाल बचे। सूचना पर स्थानीय गोताखोर, पीएसी और फायर सर्विस की टीमें देर शाम तक डूबे युवक की तलाश में जुटी रहीं। घटना छजलैट के गांव मल्हपुर खैईया के समीप शुक्रवार को दिन में करीब ढाई बजे की है।
छजलैट के गांव मल्हपुर खैईया के अशोक कुमार कई साल से मुरादाबाद के कटघर थानातंर्गत बलदेवपुरी में परिवार के साथ रहते हैं। बेटा अर्पित (20) और पड़ोसी जुगनेश (19) अच्छे दोस्त थे। शुक्रवार को जुगनेश अपने अन्य दोस्त आदित्य, विशाल, रविंद्र, लक्की के साथ अर्पित के गांव मल्हपुर खैईया आया था।
विज्ञापन
सेल्फी लेने और वीडियो बनाने के दौरान फिसला पैर
दोपहर में सभी गांव से कुछ दूरी पर गांगन नदी के रपटा पुल पर घूमने के लिए गए थे। यहां रपटा पुल के ऊपर से नदी का पानी बह रहा है। यहां पानी में सेल्फी लेने और वीडियो बनाने के दौरान पैर फिसलने से जुगनेश अचानक नदी के गहरे पानी में गिर गया।
बचाने के प्रयास में बाल-बाल बचे दोस्त
उसे बचाने की कोशिश में रविंद्र और विशाल भी डूबने से बाल-बाल बचे। चीख पुकार के बीच मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर एसडीएम कांठ स्निग्धा चतुर्वेदी, सीओ सुनीता दहिया, थानाध्यक्ष छजलैट रमेश सहरावत, भारी पुलिस फोर्स और राजस्व कर्मी मौके पर पहुंच गए।
डूबे युवक के परिजन भी रोते बिखलते पहुंचे। देर शाम तक डूबे युवक की खोजबीन होती रही पर सुराग नहीं लग सका। मुरादाबाद मंडल अंतर्गत अमरोहा, रामपुर, संभल में शुक्रवार को नदियों का पानी धीरे-धीरे उतरने लगा है लेकिन ग्रामीण इलाकों में क्षेत्रवासियों की मुसीबतें कम नहीं हुईं हैं।
जिलों में जलस्तर घटने के बाद अब ग्रामीणों को संक्रामक बीमारी और नुकसान की चिंता सताने लगी है। प्रशासन की ओर से बचाव के उपाय किए जा रहे हैं लेकिन नाकाफी साबित हो रहे हैं।