मुरादाबाद। मैनाठेर थाने के नजदीक संभल मार्ग पर शनिवार की रात पैदल घर जा रहे नरेश कुमार (35) को कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग निकला। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे का कारण कार चालक की लापरवाही बताई जा रही है।
मैनाठेर निवासी नरेश कुमार मजदूरी करते थे। उनके भाई उमेश ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे नरेश मजदूरी करके पैदल ही घर लौट रहे थे। मैनाठेर थाने के नजदीक संभल मार्ग पर नरेश सड़क पार कर रहे थे। इसी दाैरान तेज रफ्तार कार चालक ने टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने परिजनों की मदद से घायल नरेश कुमार को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने देखने के बाद मजदूर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने बताया कि नरेश की करीब 16 साल पहले बिहार निवासी इंदू से शादी हुई थी। विवाद के बाद 12 साल पहले पत्नी छोड़कर चली गई थी। तब से नरेश अपनी मां के साथ रहते थे। पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है।