कांठ। घरेलू सामान लेकर लौट रहे बाइक सवार युवक को सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भाग गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, कांठ क्षेत्र के गांव आवी हफीजपुर (मिलक) निवासी रंजीत (29) शुक्रवार की शाम कुछ घरेलू सामान लेने के लिए बाइक से पास के ही कोठी खिदमतपुर गया था। वह सामान लेकर वापस अपने घर लौट रहा था। गांव के ही बाहर शहीद स्मारक के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। सूचना पर घटनास्थल पर पहुंचे परिजन गंभीर रूप से घायल रंजीत को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना पर कांठ पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को भी कब्जे में ले लिया। मृतक के पिता डालचंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक आकाश पुत्र गंगापाल निवासी ततारपुर गर्वी थाना बछरायूं जिला अमरोहा के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
परिजनों के अनुसार, रंजीत दो भाइयों में बड़ा और विवाहित था। वह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को युवक का शव घर पहुंचा। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठी हो गई। वहीं पिता डालचंद्र सिंह, भाई गौतम, पत्नी रिंकी, बेटी मनू, बेटे अभी समेत परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल था। परिजनों ने गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी कब्जे में ले लिया गया है।