बिलारी। क्षेत्र के अभनपुर नरौली गांव के जंगल में धान का पुआल उठा रहे युवक को सांप ने काट लिया। युवक की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अमरोहा जिले के थाना आदमपुर अंतर्गत इकोना गांव निवासी खुशीराम 32 वर्ष अभनपुर नरोली गांव स्थित अपनी ननिहाल में मेहमानदारी करने आया था। मंगलवार दोपहर वह रिश्तेदारों के साथ जंगल में धान का पुआल उठा रहा था इसी दौरान उसे सांप ने काट लिया। हालत बिगड़ने पर रिश्तेदार खुशीराम को उपचार के लिए सीएचसी बिलारी लेकर आए। यहां चिकित्सक ने उसे एंटी वेनम इंजेक्शन लगाकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। खुशीराम के रिश्ते के भाई कृष्ण मुरारी ने बताया कि मंगलवार शाम जिला अस्पताल में खुशीराम की हालत काफी बेहतर है।