अमरोहा के रहरा क्षेत्र निवासी एक युवक ने प्रेमी से पीछा छुड़ाने के लिए खुद के ही अपहरण की कहानी रच दी। उक्त युवक ने अपने घरवालों से फिरौती में पांच लाख रुपये की भी मांग की। हालांकि, शिकायत के 24 घंटे में ही रहरा पुलिस ने सर्विलांस टीम के सहयोग से युवक को गुरुग्राम से पकड़ लिया है।
एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि पांच जुलाई को रहरा थाने में गांव गंगेश्वरी निवासी अरविंद कुमार ने भाई हरिओम के अपहरण और पांच लाख रुपये की फिरौती मांगे जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई।
एसपी ने थानाध्यक्ष रहरा को कार्रवाई के निर्देश दिए। रहरा पुलिस ने सर्विलांस टीम के सहयोग से कार्रवाई शुरू की और छह जुलाई की सुबह करीब छह बजे हरिओम को हरियाणा के गुरुग्राम के फरुखनगर थानाक्षेत्र के गढ़ी हरसाउ गांव से पकड़ लिया।
बोला, शादी का दबाव बना रही थी प्रेमिका
पूछताछ में हरिओम ने बताया कि उसके एक लड़की से प्रेम संबंध थे, जो उस पर शादी का दबाव बना रही थी, लेकिन वह शादी नहीं करना चाहता था। इसके चलते उसने घर से भागने की योजना बनाई, ताकि कुछ दिन छिपकर रह सके और लड़की से शादी न करनी पड़े।