मंडी धनौरा (अमरोहा)। बाइक पर सवार होकर ससुराल जा रहे युवक की सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर लगने पर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया। दूसरी बाइक पर सवार युवक भी घायल हो गया। उसे भी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना कर दी गई है। कोतवाली डिडौली के गांव फत्तेपुर नगलिया मेव निवासी चरन सिंह (38) पुत्र मोहन सिंह सोमवार की दोपहर बाइक से जनपद बिजनौर के गांव वाडीवाला स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। थाना क्षेत्र के गांव लाडनपुर के निकट उसकी बाइक सामने से आ रही एक अन्य बाइक से टकरा गई। टक्कर लगने पर दोनों घायल होकर नीचे गिर गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों को सरकारी अस्पताल भिजवा दिया। चिकित्सक ने परीक्षण के बाद चरन सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरी बाइक पर सवार भारत सिंह निवासी बास्टा को भर्ती कर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। मृतक चरन सिंह के परिजनों को सूचना कर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक के परिजनों का इंतजार किया जा रहा है।