मंडी धनौरा। घर जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रही युवती की घर छोड़ने के बहाने एक युवक ने अस्मत लूट ली। युवक ने युवती को घर छोड़ने के लिए अपनी कार में बिठा लिया था। युवती ने घर जाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। भाई की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती रविवार की शाम घर जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रही थी। थाना क्षेत्र के ही गांव शाहबाजपुर की मंढैया निवासी रोहित उधर से कार लेकर आ रहा था। कार में उसका दोस्त कृष्ण उर्फ छोटू पुत्र ओमपाल निवासी मंढैयो भी मौजूद था। युवती को उसके घर छोड़ने का बहाना बनाकर कार में बिठा लिया। आरोप है कि रोहित युवती को एक पुराने मकान में ले गया। रोहित कार खड़ी करने चला गया। इस दौरान कृष्ण ने उसकी बहन के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बारे में जिक्र करने पर जान से मारने की धमकी दी। युवती ने घर पहुच कर घटना की जानकारी परिजनों को दी। प्रभारी निरीक्षक अरविंद त्यागी ने बताया कि युवती के भाई की तहरीर पर कृष्ण उर्फ छोटू के खिलाफ दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवती को मेडिकल के लिए भेजा गया है।