बिलारी। नगर निवासी शकील अहमद 25 वर्ष की शनिवार दोपहर बाद चंदौसी क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। शकील अहमद अपनी माता को बाइक पर बैठाकर अपनी बहन का रिश्ता देखने के लिए इस्लामनगर जा रहे थे। चंदौसी क्षेत्र में बिसौली रोड इस्लामनगर मोड़ पर पेट्रोल पंप के पास हादसा हुआ।
नगर के मोहल्ला पैंठ बाजार निवासी साबिर हुसैन के बेटे शकील अहमद की इस्लामनगर में रिश्तेदारी है। वह अपनी माता जरीना को साथ लेकर बाइक से चंदौसी होते हुए इस्लामनगर जा रहे थे। इस्लामनगर में अपनी बहन का रिश्ता तय करने को लेकर रिश्तेदारों से बातचीत करनी थी। दोपहर बाद लगभग तीन बजे जब उनकी बाइक ओरछी चौराहे से इस्लामनगर मोड़ तरफ पहुंची तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को रौंद दिया। पिकअप की टक्कर से शकील अहमद बाइक समेत नीचे गिर गए जबकि उसकी माता जरीना छिटक कर दूर जा गिरी। परिजनों के अनुसार पिकअप का अगला पहिया शकील अहमद के सिर के ऊपर होकर गुजरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि शकील अहमद हेलमेट लगाए हुए थे लेकिन उनका हेलमेट भी पूरी तरह से टूट गया।
मामूली घायल माता जरीना की सूचना पर परिजन जल्दी ही घटनास्थल पर पहुंच गए और चंदौसी पुलिस भी मौके पर आ गई। परिजनों ने पुलिस को लिखकर दे दिया कि वह इस हादसे में कोई कानूनी कार्रवाई करना नहीं चाहते हैं। पुलिस ने पंचनामा भरकर शकील अहमद का शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक शकील अहमद अभी अविवाहित था। वह सूती चादरों पर छपाई का काम करने के अलावा फेरी लगाकर चादरें बेचने का काम भी करता था परिवार में शकील अहमद के वृद्ध माता-पिता के अलावा एक बड़ा भाई शाकिर और तीन छोटी बहनें शहनाज, शाइस्ता व शबाना हैं। शनिवार शाम जब शकील अहमद का शव उसके घर बिलारी पहुंचा तब मोहल्ले वालों की भारी भीड़ जमा हो गई। शकील अहमद के परिजन शव के पास रो-रोकर बेहाल हो गए।
फोटो संख्या-21