बिलारी। थाना सोनकपुर अंतर्गत नियामतपुर गांव के खेत में बृहस्पतिवार देर शाम करंट की चपेट में आकर विनोद कुमार (19) की मौत हो गई।
नियामतपुर गांव निवासी रामवीर सिंह का बेटा विनोद कुमार मजदूरी करता था। बृहस्पतिवार शाम वह अपने ही गांव में एक किसान के निजी विद्युत नलकूप को विद्युत आपूर्ति शुरू होने पर चलाने के लिए गया था।
विद्युत पोल से नलकूप के मोटर आने वाले केबल में कई स्थानों पर कट था। केबल ठीक करते समय अचानक विनोद कुमार विद्युत करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। केबल उसके हाथ में फंसा हुआ था। विद्युत करंट से उसके दोनों हाथ भी झुलसे हुए थे। देर शाम तक जब विनोद घर नहीं पहुंचा तब परिजनों को चिंता हुई। परिजन जब उसे देखने जंगल में गए तब वह ट्यूबवेल के पास मृत अवस्था में पड़ा था।
परिजनों की सूचना पर थाना सोनकपुर पुलिस देर शाम घटनास्थल पर पहुंची और शाम लगभग आठ बजे परिजनों को विश्वास में लेकर विनोद कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलारी लेकर आई। यहां चिकित्सक ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
पहले तो परिजन पुलिस में तहरीर देने के उद्देश्य से थाना सोनकपुर पहुंचे बाद में सीएचसी बिलारी आ गए। यहां सोनकपुर पुलिस ने विनोद कुमार के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक विनोद कुमार अभी अविवाहित था। परिवार में उसके पिता रामवीर सिंह और माता बालादेवी के अलावा बड़ा भाई प्रमोद है जिसकी शादी हो चुकी है। विनोद के पिता रामवीर सिंह किसान हैं।
विनोद के बड़े भाई प्रमोद ने बताया कि वह यह पता लगा रहे हैं कि उनके भाई को जंगल में ट्यूबवेल पर विद्युत केबल ठीक करने के लिए किसने बुलाया था। सीएचसी बिलारी पर मिले थाना सोनकपुर के दरोगा ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। मौत का सही कारण जानने के लिए शव पोस्टमार्टम को भेजा जा रहा है।