ठाकुरद्वारा। नगर के एक युवक से सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर 97 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला बहेड़ा बाला निवासी वसीम से थाना कांठ के गांव मिश्रीपुर निवासी एक व्यक्ति ने अक्तूबर 2024 में विदेश में उसे अच्छे वेतन पर अच्छी नौकरी दिलाने का वादा किया। वसीम पेंटर का काम करता है। उसे सऊदी अरब भेजने के लिए आरोपी ने 97 हजार रुपये की मांग की।
वसीम ने बताया कि किसी तरह इधर उधर से पैसे उधार लेकर उसने आरोपी को पैसे दे दिए। लेकिन उसे आरोपी ने टूरिस्ट वीजा पर वहां भेज दिया। इस कारण उसे वहां पर कोई काम नहीं मिल सका। इस पर वह किसी तरह अपने घर पर वापस लौटा।
उसने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे तो उसने उसे जान से मारने की धमकी दी। वसीम ने इसकी शिकायत एसएसपी से की। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रविवार को आरोपी पक्ष के लोग कोतवाली आए।
वसीम इस समय केरल में काम करने गया हुआ है। इसलिए उसकी पत्नी ही उसकी जगह कोतवाली में पहुंची। उसने आरोपी से पति से लिए गए पैसे वापस मांगे तो दोनों पक्ष में समझौते की बात शुरू हो गई। कोतवाली के एसएसआई बृजेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच नगर के दरोगा बलराम दीक्षित कर रहे हैं।