साहब! प्रेमिका ने धोखा दे दिया...मैं रेलवे ट्रैक पर सुसाइड करने जा रहा हूं... तुम फोन होल्ड रखो ट्रेन के आते ही मैं कूद जाऊंगा। यह अल्फाज नशे में धुत प्रेमी के थे। फोन सुनकर पुलिस में हड़कंप मचा गया। फोरन ही नगर और डायल 112 पुलिस ने अपना जाल बिछाया और उसे ट्रेन के आगे छलांग लगाने से पहले सकुशल बचा लिया।
चौकी में लाकर पुलिस ने उसकी समस्या सुनी। लेकिन समस्या को पुलिस सुलझाए तो कैसे। दरअसल उसने प्रेमिका को शगुन में 500 रुपये, छुआरे, काजू और मुनक्का दिए थे, जिसे कम बताकर वह चली गई। बाद में पुलिस ने युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
यह मामला अमरोहा जिले की नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले का है। यहां रहने वाले एक युवक का पड़ोस के मोहल्ले की युवती के प्रेम-प्रसंग चल रहा है। शुक्रवार की रात करीब एक बजे उसने डायल 112 पर कॉल कर आत्महत्या करने की बात कही थी।
बताया कि साहब प्रेमिका ने धोखा दे दिया है...मैं रेलवे ट्रैक पर सुसाइड करने जा रहा हूं...। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। डायल कंट्रोल रूम से नगर इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह को इसकी जानकारी दी गई। खुद इंस्पेक्टर ने युवक से फोन कर समझाने की कोशिश की। लेकिन वह आत्महत्या करने पर आमादा था।