लाइनपार माता मंदिर वाली गली प्रेमनगर निवासी प्रिंस की शादी कटघर क्षेत्र निवासी अर्चना के साथ हुई है। प्रिंस ने कटघर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि आपसी मनमुटाव के कारण कुछ दिनों पहले उसकी पत्नी अर्चना चौहान नाराज होकर मायके चली गई । 22 फरवरी की रात करीब आठ बजे वह पत्नी को विदा कराने के लिए प्रेमनगर कटघर स्थित ससुराल गया था। आरोप है कि ससुराल पहुंचते ही ससुर संजय कुमार, पत्नी अर्चना, चचिया ससुर रजनीत और राजीव गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने लाठी-डंडे से मारपीट कर प्रिंस को घायल कर दिया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। चीखपुकार सुनकर आस पास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने उसे बचाया। इसके बाद उसने कटघर थाने में शिकायत की। एसएचओ कटघर तेजवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएगा। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।