मुरादाबाद के लोगों को नए साल पर देहरादून की फ्लाइट का तोहफा मिल सकता है। इसके लिए फ्लाई बिग कंपनी ने सरकार व डीजीसीए को प्रस्ताव भेज दिया है। अगले माह के अंत तक मुहर लग सकती है। इसके साथ पीतलनगरी की हवाई पहुंच उत्तराखंड की राजधानी तक भी हो जाएगी। यह फ्लाइट हर दिन मुरादाबाद से रवाना होगी।
फिलहाल उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लिए सप्ताह में पांच दिन विमान की सुविधा है। 19 सीटर विमान सुबह 9:35 बजे यात्रियों को लेकर लखनऊ के लिए अमौसी एयरपोर्ट के लिए उड़ जाता है। देहरादून की फ्लाइट शुरू होने पर जॉली ग्रांट एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी होगी। फ्लाई बिग उस एयरपोर्ट पर पहले ही सक्रिय है।
देहरादून से पिथौरागढ़ के लिए फ्लाइट चल रही है। इस तरह मुरादाबाद ये यात्री पिथौरागढ़ तक वायु मार्ग से जा सकेंगे। इसके अलावा कानपुर व गाजियाबाद की फ्लाइट शुरू करने के लिए भी प्रस्ताव भेज दिया गया है। शासन से पास होते ही किराया घोषित कर बुकिंग शुरू कर दी जाएगी।
दिवाली के बाद कानपुर की फ्लाइट के संबंध में शहरवासियों को खुशखबरी मिल सकती है। मूंढापांडे के भदासना गांव में स्थित एयरपोर्ट का लाभ मुरादाबाद के साथ रामपुर लोग भी ले रहे हैं। यहां से एक घंटा 10 मिनट में विमान लखनऊ पहुंच जाता है। शुरुआत में टिकट बुक करने पर 1348 रुपये किराया देना होता है।
बाद में सीटें कम रहने पर किराया चार हजार रुपये तक पहुंच जाता है। इस समय त्योहारों के कारण अच्छी संख्या में यात्री बुकिंग करा रहे हैं। दिवाली के बाद तक कुछ ही फ्लाइट्स में एक या दो सीटें खाली हैं, जिनका टिकट चार हजार रुपये तक पहुंच गया है।
देहरादून तक फ्लाइट के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। कानपुर व गाजियाबाद के लिए भी प्रयास चल रहे हैं। अनुमति मिलने पर मुरादाबाद से देहरादून के बीच हर दिन फ्लाइट की सुविधा रहेगी।
- राजेश कुमार, प्रबंधक, फ्लाई बिग