मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के मद्देनजर पुलिस - प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं। मुख्यमंत्री के लिए सुरक्षा इंतजामों का खाका तैयार करने के बाद डीएम - एसएसपी ने शुक्रवार को भदासना एयरपोर्ट और पुलिस अकादमी पहुंचकर इंतजामों की समीक्षा भी की।
मुख्यमंत्री 24 नवंबर को सुबह साढ़े नौ बजे राजकीय वायुयान से भदासना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह कार से सुबह 10 बजे डा. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी पहुंचेंगे। 10 बजे से 11 बजे तक वह पुलिस अकादमी में प्रशिक्षु उप निरीक्षक नागरिक पुलिस तथा अन्य प्रशिक्षुओं के पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मलित होंगे। इसके बाद वह सीधा भदासना हवाई पट्टी पहुंचेंगे और वहां से राजकीय वायुयान से मुख्यमंत्री का अमौसी एयरपोर्ट के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है। हालांकि मुख्यमंत्री जाने से पहल किसी सरकारी योजना या स्कूल, अस्पताल का औचक निरीक्षण भी कर सकते हैं। इसे लेकर भी अधिकारी तैयारी जुटे हैं। डीएम राकेश कुमार सिंह और एसएसपी अमित पाठक ने शुक्रवार को भदासना एयरपोर्ट पहुंचकर मुख्यमंत्री के लिए सुरक्षा इंतजामों का खाका खींचा। अभी तक मिले कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री भदासना से पुलिस अकादमी तक सड़क मार्ग से आएंगे। इसके लिए हवाई पर जगह - जगह पुलिस की ड्यूटियां लगाई गई हैं। पूरे मार्ग पर चप्पे - चप्पे पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त करने का खाका तैयार किया गया है।