सिविल लाइंस थानाक्षेत्र की अवंतिका कालोनी में मंगलवार की रात परचून की दुकान स्वामी की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला ने अपने बच्चे को पीट दिया था। पति ने इसका विरोध किया और उसने पत्नी को डांट फटकार लगाई। जिससे क्षुब्ध होकर महिला ने आत्मघाती कदम उठा लिया। खबर मिलने पर मायके वाले भी आ गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेने की कोशिश की। लेकिन मायके वालों ने कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया। अवंतिका कालोनी में रहने वाले मनीष कुमार गुप्ता की परचून की दुकान है। मंगलवार की रात मनीष का दो साल का बेटा चीनू घर में खेल रहा था। जबकि उसकी मां चांदनी गुप्ता उसे दूध पिलाने की कोशिश कर रही थी। लेकिन उसने दूध नहीं पिया।
जिससे गुस्साई चांदनी ने चीनू को पीट दिया था। इस बात पर मनीष चांदनी पर भड़क गया और उसने चांदनी की पिटाई कर दी। जिससे क्षुब्ध होकर चांदनी ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और पंखे पर झूलकर जान दे दी। काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजन घबरा गए। उन्होंने दरवाजा खटखटाया। लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई।
इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। देखा तो चांदनी फंदे पर लटकी हुई थी। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। खबर मिलने पर मायके वाले भी आ गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस बीपी बालियान ने बताया कि मायके वालों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। अगर कोई तहरीर आएगी तो कार्रवाई की जाएगी।