बिलारी। थाना क्षेत्र के रामनगर गंगपुर गांव में शनिवार सुबह गन्ने के खेत में खड़े नीम के पेड़ से पप्पू मौर्य की पत्नी द्रोपा (40) का शव लटका मिला। मौके पर पहुंचे सीओ और थाना प्रभारी ने मामले की जांच की। पुलिस की शुरुआती जांच में महिला द्वारा आत्महत्या करने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवाया।
रामनगर गंगपुर गांव निवासी पप्पू मौर्य गांव में किसानों की जमीन बंटाई पर लेकर खेती करते हैं। खेती में पप्पू की पत्नी द्रोपा भी हाथ बंटाती थी। शनिवार सुबह द्रोपा ने पति पप्पू को गेहूं की फसल में डालने के लिए यूरिया खाद लेने स्योंडारा गांव भेजा था। द्रोपा सुबह लगभग नौ बजे घर में मौजूद अपने बच्चों से यह कहकर गई कि वह जंगल में खेत पर जा रही है। 11 बजे जब पप्पू खाद लेकर घर लौटे और पता चला कि पत्नी द्रोपा खेत पर चली गई, तब वह भी अपने पांच साल के बेटे शिवांश को लेकर खेत पर चले गए। द्रोपा खेत में नहीं मिली, तलाशी के दौरान एक निकट के गन्ने के खेत में खड़े नीम के पेड़ पर द्रोपा का शव लटका मिला।
द्रोपा के गले में प्लास्टिक की रस्सी का फंदा लगा हुआ था। रस्सी का दूसरा हिस्सा पेड़ पर जमीन से काफी ऊंचाई पर बंधा हुआ था। द्रोपा की चप्पल पेड़ की जड़ में रखे हुए थे। ग्रामीणों का अनुमान है कि द्रोपा फंदा बनाकर रस्सी लेकर नीम के पेड़ पर चढ़ी और अपने गले में फंदा डालकर लटकी होगी। सूचना पर मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस के पुहंचने के बाद सीओ बिलारी अशोक कुमार सिंह, थाना प्रभारी उदयप्रताप सिंह और फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई। इस दौरान रामनगर गंगपुर गांव के प्रधान ओमप्रकाश सिंह ठेकेदार और जिला पंचायत सदस्य मनवीर सिंह भी अनेक ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए।
000
कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान रहती थी महिला
परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने द्रोपा का शव पेड़ से नीचे उतारा और उसका पंचनामा भरा। मृतका द्रोपा के परिवार में पति पप्पू के अलावा दो बेटियां प्रीति और रिंकी तथा दो बेटे दीपक और शिवांश हैं। द्रोपा की 18 वर्षीय बड़ी बेटी प्रीति एक ब्यूटीपार्लर पर काम करती है। थाना बिलारी प्रभारी ने बताया कि मृतका के पति पप्पू की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि उसकी पत्नी द्वारा आत्महत्या करने में किसी का कोई दोष नहीं है। तहरीर में यह भी कहा गया है कि उसकी पत्नी कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान रहती थी। पहले भी उसके द्वारा एक बार आत्महत्या करने का प्रयास किया जा चुका है।
00000
पोस्टमार्ट रिपोर्ट के बाद आगे की होगी कार्रवाीई
बिलारी सर्किल के पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि महिला का शव पेड़ पर लटका होने की सूचना मिलते ही मौके पर जाकर जांच की गई। महिला की मौत का सही कारण जानने के लिए उसका शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की जांच की जाएगी। शुरुआती जांच में महिला द्वारा आत्महत्या करने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
फोटो परिचय-01,02,03