मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में महिला की गला घोंटकर हत्या की गई थी। बुधवार शाम को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। पुलिस ने महिला के पति की तहरीर पर दो भाइयों के खिलाफ केस दर्ज किया है। ग्रामीण का आरोप है कि 90 हजार रुपये के विवाद में उसकी पत्नी की हत्या की गई थी।
मझोला थाना क्षेत्र के धीमरी गांव में मंगलवार रात दो लोग खाली प्लाट में रेत में एक महिला का शव दबा रहे थे। कुछ लोगों ने उन्हें देख लिया तो वह भागने लगे। लोगों ने मौके से एक युवक और एक किशोर को पकड़ लिया था। मृतका की पहचान मझोला के ही पैपटपुरा निवासी रीना उर्फ रेनू (35) के रूप में हुई थी। रीना के पति हरपाल ने कटघर थानाक्षेत्र के जाहिद नगर निवासी मोहम्मद इरम और उसके भाई मुस्तफा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। पीड़ित ने बताया कि उनकी पत्नी रीना मोहम्मद इरम के घर काम करने जाती थी। हरपाल ने बताया कि उसने दो साल पहले जैतिया थाना कटघर में सौ गज का एक प्लाट 90 हजार रुपये में खरीदा था, जिसे उसने अपनी पत्नी के नाम कर दिया था। उसकी पत्नी मोहम्मद इरम के घर काम करने जाती थी। रीना के इरम से अच्छे संबंध थे।
रीना ने अपना प्लाट बेचकर 90 हजार रुपये इरम को दे दिए थे। इरम रुपये वापस नहीं दे रहा था, जिसे लेकर झगड़ा भी हुआ था। आरोपी इरम और उसके भाई मुस्तफा ने रुपये वापस करने का वादा किया था। 29 जनवरी को दोनों भाई महिला को अपने साथ ले गए थे। इसके बाद से ही उसकी पत्नी गायब थी। हरपाल का आरोप है कि दोनों भाइयों ने ही उसकी पत्नी की हत्या की है। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है। मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।