ठाकुरद्वारा। एक गांव की महिला से एक ठग ने उसके घर में भूतप्रेत का साया बता कर सोने के कुंडल ठग लिए। गांव सुल्तानपुर दोस्त निवासी बिल्किस जहां पत्नी नवी हसन ने घटना के बारे में पुलिस को तहरीर दी है।
तहरीर में कहा गया है कि बृहस्पतिवार को सुबह करीब 11 बजे वह घर में थी। तभी एक ठग धार्मिक नारे लगाता हुआ उसके घर के अंदर आ गया। उसके पति बाहर गए थे जबकि दोनों बहू अपने कमरों में थीं। उसने उसे अपनी चिकनी चुपड़ी बातों में फंसा लिया। फिर कहने लगा कि उसके घर में भूत प्रेत का साया है। वह अपने पहने सोने के कुंडल उतार कर दे दे। मंत्र पढ़कर भूत प्रेत का साया दूर कर देगा। महिला ने अपने सोने के कुंडल उतारे तभी आरोपी ने उसके मुंह पर रुमाल रखकर नशा सुंघाया और कुंडल लेकर भाग गया। होश में आने पर महिला ने शोर मचाया। सूचना पर 112 डायल पुलिस भी पहुंची। आरोपी की गांव में परिजनों और पुलिस ने तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। महिला ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है।