बिलारी। थाना क्षेत्र में जरगांव चंदौसी सड़क मार्ग पर रविवार दोपहर तेज रफ्तार इको कार की टक्कर से बाइकसवार महिला की मौत हो गई। इको चालक मौका मिलते ही कार लेकर फरार हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
ग्राम पंचायत ऊमरा गोपालपुर के मझरा कुआंखेड़ा निवासी गौरव कुमार घर पर रहकर खेती करता है। साल भर पहले उसकी शादी थाना बनियाठेर के गोपालपुर गांव निवासी निधि से हुई है। शनिवार शाम गौरव कुमार अपनी पत्नी निधि को लेकर संभल जिले के रहटौल गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। रविवार दोपहर गौरव पत्नी को साथ लेकर वापस अपने गांव कुआंखेड़ा आ रहा था। जैसे ही उसकी बाइक सरथल से जरगांव होकर चंदौसी को जाने वाली सड़क पर धमावली गांव के सामने चामुंडा मंदिर के निकट पहुंची तभी पीछे से जा रही ईको कार ने टक्कर मार दी।
कार की टक्कर से बाइक पर बैठी निधि सिर के बल सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गई। राहगीरों की सूचना पर जरगांव पुलिस चौकी स्टाफ की मदद से घायल निधि को विशेष वाहन से सीएचसी बिलारी पहुंचाया गया। परिजनों के अनुसार निधि की सीएचसी पहुंचने से पहले ही रास्ते में मौत हो गई।
निधि की सड़क हादसे में मौत हो जाने की खबर पर उसके मायके और ससुराल पक्ष के लोग सीएचसी बिलारी पहुंच गए। बाद में थाना बिलारी पुलिस भी सीएचसी पहुंच गई। पुलिस ने मृतका के पति और अन्य परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पता चला है कि पति और पत्नी में से कोई भी सिर पर हेलमेट लगाए हुए नहीं था। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के परिजन जो तहरीर देंगे उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।