मुरादाबाद। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के बर की मढै़या में मंगलवार रात अज्ञात वाहन की बाइक में टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। साथ ही बाइक चालक सहित हो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला चालक गाड़ी लेकर भाग निकला।
पुलिस के अनुसार मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव बर की मढ़ैया निवासी अख्तरी (50) पत्नी याकूब भोजपुर के गांव पीपलसाना निवासी अपने रिश्तेदार कासिम(25) और उसकी बहन नुरफ्शा (23) के साथ मंगलवार शाम रामपुर से बाइक द्वारा घर लौट रही थी। रात करीब आठ बजे गांव बर की मढ़ैया के नजदीक महिला पहुंची तो अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे युवक समेत दोनों महिलाएं घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर अख्तरी (50) की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल कासिम और उसकी बहन नुरफ्शा को रामपुर दोराहा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इस बारे में थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि महिला के शव को मोर्चरी में रखा गया है। घटना की सूचना महिला के परिजनों को दी गई है। इस मामले में परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इधर पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश करने में जुट गई है।