मुरादाबाद। गलशहीद थानाक्षेत्र में रहने वाली एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। आरोपी और उसका साथी महिला को नोएडा ले गए और एक कमरे में बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। आरोपियों ने मोबाइल से वीडियो बना ली। जिसे वायरल करने की धमकी देकर पीड़ित से तीन लाख रुपये पीड़ित से ऐंठ लिए। इसके बाद भी आरोपी रुपयों की मांग कर रहे थे। पुलिस ने केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, गलशहीद थानाक्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली 36 वर्षीय पीड़ित महिला ने बताया कि 2020 में लॉकडाउन के वक्त गलशहीद क्षेत्र भोलू की लाइन तीन जियारत वाली गली निवासी समीर के घर किसी काम से गई थी। आरोप है कि वहां समीर की दो बहनों ने उसे कोल्ड ड्रिंक पिला दी। जिसे पीने के बाद वह बेहोश गई। पीड़ित का कहना है जब उसे होश आया तो वह नोएडा स्थित मकान के कमरे में पड़ी हुई थी। यहां आरोपी समीर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी समीर और उसके साथी अन्नान ने अपना मोबाइल फोन दिखाते हुए कहा कि हमने वीडियो बना ली है। इस मामले की कहीं शिकायत की तो वह वीडियो वायरल कर देंगे। इसके बाद आरोपियों ने महिला पर तीन लाख रुपये देने के लिए दबाव बनाया। इसके बाद आरोपियों ने महिला को उसके घर के पास छोड़ दिया था। आरोप है कि धमकी देकर आरोपियों ने उससे तीन लाख रुपये भी ले लिए थे। इसके बाद आरोपी पांच लाख रुपये और मांगने लगे। एक माह पहले आरोपी समीर और अन्नान पीड़ित के घर में पहुंच गए और रुपयों की मांग की। महिला ने रुपये देने से इनकार किया तो आरोपी उसे धमकी देने लगे और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद पीड़ित के गले से सोने की चेन भी लूट कर ले गए। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत अपने पति से की। पीड़ित अपने पति के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची और प्रार्थना पत्र दिया। इस मामले में एसएसपी ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए थे। गलशहीद थाना प्रभारी लखपत सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर पर समीर, अन्नान और समीर की दो बहनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मंगलवार को इस मामले में मुख्य आरोपी समीर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।