धनारी (संभल)। थाना क्षेत्र के उधरनपुर अजमत नगर गांव के पास आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर बाइक से उछल कर गिरी धनवती (65) की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने का प्रयास किया, लेकिन परिवार के लोग बिना पोस्टमार्टम के ही शव को अपने गांव ले गए।
मुरादाबाद जिले के थाना बिलारी क्षेत्र में आने वाले गांव देवरी दिनौरा निवासी धनवती (65) पत्नी हरपाल अपने पुत्र सत्यवीर के साथ बृहस्पतिवार को बाइक से अपने मायके बबराला क्षेत्र के ग्राम कैल से अपने घर लाैट रही थीं। दोपहर करीब दो बजे आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर उधरनपुर अजमत नगर गांव के पास बाइक का संतुलन बिगड़ने के कारण धनवती बाइक से गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की तो मृतका के पुत्र ने इन्कार कर दिया। अन्य परिजनों ने भी कानूनी कार्रवाई न करने के बारे में पुलिस को लिखकर दे दिया और शव को अपने साथ गांव ले गए।
थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि महिला के गोद में सामान का भरा बैग रखा था, जिससे बाइक पर बैठी महिला का संतुलन बिगड़ गया और चलती बाइक से सड़क पर गिर गई, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया और शव अपने साथ ले गए। संवाद