मुरादाबाद। बिलारी क्षेत्र में रहने वाली महिला ने पति पर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि पति उस पर मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बना रहा था। महिला ने इनकार किया तो आरोपी ने उसे तीन तलाक दे दिया।
पीड़ित महिला बिलारी के सहसपुर की रहने वाली है। उसने एसएसपी कार्यालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि चार साल पहले उसका निकाह संभल के बहजोई थानाक्षेत्र के अकबरपुर निवासी युवक से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराली दहेज के लिए उसे तंग करने लगे। शादी के एक साल बाद महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया था। पीड़ित का कहना है कि इसके बाद तो ससुरालियों ने और ज्यादा प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि महिला को बच्ची के साथ घर से निकाल लिया। इसके बाद वह अपने मायके चली गई। पीड़ित का आरोप है कि 22 फरवरी को उसका पति और ससुराली आए। उन्होंने मायके वालों पर दबाव बनाया कि वह उन्हें पांच लाख रुपये दें तो वे महिला और उसकी बेटी को अपने साथ ले जाने को तैयार हैं। महिला और उसके मायके वालों ने रुपये देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान पति ने उसे तीन तलाक बोल दिया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने महिला थाना प्रभारी को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।