मुरादाबाद। पुलिस लाइन में नारी उत्थान केंद्र के बाहर एक महिला को उसके पति ने तीन तलाक दे दिया। पीड़ित महिला ने पति समेत 12 लोगों के खिलाफ मझोला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मझोला थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर निवासी फिजा ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी 12 फरवरी 2023 को ठाकुरद्वारा के बहेड़ा वाला निवासी सलमान के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी बाद से ही पति सलमान, सास मैसर जहां, ससुर अब्दुल सलाम, ननद रूबीना, राहिन, सोनिया, मुस्कान, महविश, ननदोई आसिम, शाहनवाज और मामा अशरफ, यूसुफ ने दहेज में कार और पांच लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। 27 सितंबर को उसके पिता घर आए तो ससुरालियों ने उनसे भी दहेज की मांग की। उसने विरोध किया तो मारपीट कर घर से निकाल दिया। शिकायत करने पर पुलिस ने उसका प्रार्थनापत्र काउंसिलिंग के लिए नारी उत्थान केंद्र भेज दिया था।
पीड़िता का कहना है कि 16 अक्तूबर 2026 को वह नारी उत्थान केंद्र पहुंची थी। इसी दौरान नारी उत्थान केंद्र के बाहर पति खड़ा मिला और उसे रोककर तीन तलाक देकर भाग गया।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति समेत 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।