मुरादाबाद। दिल्ली रोड स्थित एक अस्पताल में तीमारदारों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे तीमारदारों को समझा बुझाकर शांत कराया।
बदायूं जिले के कस्बा इस्लामनगर नगर निवासी अमरवती देवी को गुरुवार शाम को अस्पताल में भर्ती कराया था। शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत से नाराज परिजनों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पाकर एसपी सिटी अमित आनंद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। वे हंगामा कर रहे लोगों को हिरासत में लेकर थाने आ गए। हंगामा कर रहे लोगों ने अस्पताल कर्मियों से माफी मांगी। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया। थाना प्रभारी योगेन्द्र कृष्ण यादव ने बताया की सभी आरोपियों ने अपनी गलती मान ली थी, इसलिए अस्पताल प्रशासन ने उन्हें माफ कर दिया।