मंडी धनौरा। आटा चक्की के पट्टे में दुपट्टा फंसने से गेहूं पीस रही महिला निर्मला (32) पत्नी सोनू की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के समय चक्की पर कोई मौजूद नहीं था। बाद में मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे अचेत हालत में पड़ा देखा। परिजन उसे चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नगर के मोहल्ला गांधी नगर निवासी सोनू ने अमरोहा मार्ग पर आटा चक्की लगा रखी है। रविवार की शाम निर्मला चक्की पर अकेली थी। पति किसी काम से घर पर आया हुआ था। सोनू कुछ देर बाद चक्की पर पहुचा तो वहां का दृश्य देखकर उसकी चीख निकल गई। निर्मला के गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था और वह अचेत हालत में पड़ी हुई थी। शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उसे चिकित्सक के यहां ले जाया गया। डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बगैर पुलिस कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।