पुलिस को मौके से एक डायरी मिली है। जिसमें प्रीति ने अपनी बेटी को संबोधित करते हुए लिखा है कि बेटी गार्गी मुझे माफ कर देना। तुम्हारे पिता के बिना जीना मुश्किल हो गया है। मैं तुम्हें प्यार नहीं दे पाई। तुम्हारे पिता की मौत को भुला नहीं पा रही हूं। पति के बिना एक महिला को क्या क्या झेलना पड़ा है। मैंने तुम्हारे पिता के जाने के बाद महसूस किया है। मेरी मौत का कोई जिम्मेदार नहीं है। किसी को परेशान नहीं किया जाए। तुम अपनी नानी के घर रहना और खूब मन लगाकर पढ़ाई करना। सूचना मिलने पर ससुराल और मायके वाले भी आ गए। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर नमूने लिए। इसके बाद पुलिस ने शव फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। सीओ सिविल लाइंस अनूप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके से सुसाइड नोट मिला है।
फंदे पर लटका था महिला का शव, मासूम को लगा झूला झूल रही हैं मम्मी
पांच साल की मासूम बेटी रोज की तरह सुबह जागी तो उसे मम्मी दिखाई नहीं दी। बच्ची ने पहले तो मम्मी की तलाश की। इसके बाद उसने आवाज दी। मासूम को कोई जवाब नहीं मिला। उसने दूसरे कमरे में जाकर देखा तो जाल से साड़ी के सहारे महिला का शव लटका हुआ था। उसने मम्मी के पैरों को पकड़ कर हिलाया, लेकिन मम्मी कोई जवाब नहीं दे पाई। काफी प्रयास के बाद भी मासूम के सवालों के जवाब नहीं मिल पाए। इसके बाद बच्ची मकान के मुख्य गेट के पास पहुंच गई। यहां वह रोने लगी। गेट अंदर से बंद था। जिसे वह खोल नहीं पा रही थी। काफी देर तक बच्ची रोती रही तो आस पड़ोस के लोग आ गए। उन्होंने गार्गी से पूछताछ की। तब बच्ची ने बताया कि उसकी मम्मी झूला झूल रही हैं। तब लोगों ने 112 पर कॉल कर पुलिस मौके पर बुुला ली।
कपड़ों सिलाई कर गुजर बसर कर रही थी प्रीति
प्रीति के रिश्तेदारों ने बताया कि पति की मौत के बाद प्रीति ने कपड़ों की सिलाई शुरू कर दी थी। जिसके जरिये वह गुजर बसर कर रही थी। इकलौती बेटी को अच्छे से पढ़ा सके। इसलिए उसने दो माह पहले ही मुरादाबाद में किराये पर मकान ले लिया था।
तीन दिन में हो गई थी पति और सास की मौत
प्रीति के पति दिनेश प्रताप सिंह की कोरोना की दूसरी लहर में 26 मई 2021 में मृत्यु हो गई थी। इसके तीन दिन बाद ही दिनेश की मां कुसुम की भी कोरोना से निधन हो गया था। तीन दिन के अंतराल में ही मां-बेटे की मौत होने से परिवार टूट गया था।
रात घर नहीं आया था देवर
प्रीति के देवर विशेष प्रताप की लाकड़ी फाजलपुर रोड पर वेल्डिंग मशीन मरम्मत की दुकान है। विशेष ने पुलिस को बताया कि रविवार रात दुकान पर अधिक काम होने की वजह से घर नहीं आया था। सोमवार सुबह घर आने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। पता चला कि भाभी फंदे पर लटकी हुई है।