मुरादाबाद। उपभोक्ता को कनेक्शन दिए बिना ही विद्युत निगम ने डेढ़ लाख रुपये का बिल घर पहुंचा दिया। ठाकुरद्वारा के गांव विजय रामपुर निवासी आभा देवी ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने 2016 में ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए आवेदन कर रुपये जमा किए थे।
आज तक उन्हें कनेक्शन नहीं दिया गया। इसके बावजूद 31 अगस्त 2022 को उनके घर 1,45,636 रुपये का बिल भेज दिया गया। अब उपभोक्ता ने विद्युत निगम के टेक्नीशियन और ठेकेदार पर ट्यूबवेल कनेक्शन का सामान गायब करने का आरोप लगाया है।
उपभोक्ता का कहना है कि सामान्य योजना के तहत 2016 में 7.5 हॉर्सपावर के ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। स्टोर से लगभग 80,000 रुपये का सामान निकाला गया था लेकिन ठाकुरद्वारा के शरीफनगर स्थित उनके खेत पर कनेक्शन आज तक नहीं मिला। जब भारी भरकम बिल घर पहुंचा तो शिकायतकर्ता ने मंगलवार को मुख्य अभियंता कार्यालय में शिकायत की। उन्होंने स्टोर से निकाले गए सामान का विवरण और बिल की रसीद जमा कराई है। उन्होंने अधिकारियों से जांच कर विद्युत निगम के टेक्नीशियन और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता प्रिंस कुमार का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है। आरोपी टेक्नीशियन और ठेकेदार को बुलाकर बयान दर्ज किए जाएंगे। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मुरादाबाद जोन में इस तरह के 30 से अधिक मामले हैं। उपभोक्ता अपने दस्तावेज लेकर कार्यालय में आ सकते हैं। उनकी शिकायत का निस्तारण किया जाएगा।