मुरादाबाद। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महमूदपुर माफी में छापा मार कार्रवाई की। बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे एएस हॉस्पिटल को सील कर दिया गया। वहीं खान अस्पताल बंद मिला, जबकि बोर्ड पर चार डॉक्टरों के नाम अंकित पाए गए। जिस पर संचालक और डॉक्टरों को नोटिस भेजने की तैयारी है।
लोगों की शिकायत पर डिप्टी सीएमओ डॉ. संजीव बेलवाल ने शनिवार को मैनाठेर थानाक्षेत्र के गांव महमूदपुर माफी में एएस हॉस्पिटल पर छापा मारा। अस्पताल में नौ बेड मिले। साथ ही दो महिला मरीज भर्ती भी पाई गईं। इस अस्पताल का न तो सीएमओ कार्यालय में पंजीकरण पाया गया और न ही क्षेत्रीय आयुर्वेदिक कार्यालय में, जबकि यहां दो महिलाओं का सीजर किया गया था। इसके बाद टीम ने अस्पताल की ओटी, डिलीवरी रूम और आयुर्वेदिक दवाइयां सील कर दीं।
वहीं इस अस्पताल पड़ोस में स्थित खान अस्पताल बंद मिला। ये अस्पताल भी पंजीकृत नहीं पाया गया। फिर भी अस्पताल के बोर्ड पर चार डॉक्टरों के नाम दर्ज थे। डिप्टी सीएमओ डॉ. संजीव बेलवाल ने बताया कि एएस हॉस्पिटल के संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। खान अस्पताल के बोर्ड पर जिन डॉक्टरों के नाम दर्ज पाए गए हैं, उन्हें नोटिस भेजा जाएगा। संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।