हाईकोर्ट के आदेश के बाद शराब की दुकानें आबादी में सरकनी शुरू हईं तो पब्लिक भड़क गई। विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। मझोला के जयंतीपुर में अंग्रेजी शराब की नई दुकान खुलने से नाराज महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। दुकान का शटर तोड़कर उसमें से शराब की बोतलें निकालकर उसमें आग लगा दी।
इससे हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो महिलाएं वहां से चली गईं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। जयंतीपुर में लक्ष्मी नारायण का मकान है, इस मकान में देशी शराब की दुकान है।
इसके बगल की दुकान को उन्होंने अंग्रेजी शराब की दुकान खोलने के लिए किराए पर दिया है। हाईवे से 220 मीटर के दायरे में शराब की दुकान बंद होने की गाइडलाइन सुप्रीम कोर्ट से जारी होने के बाद आजमगढ़ की कंपनी के सेल्समैन राजेश ने दुकान सीतापुरी से हटाकर जयंतीपुर में एक्यूरेट फूड एंड वेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड गुरूटोला नाम से खोलनी चाही।
वह दुकान में सामान रखकर शटर बंद कर गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस दौरान करीब 20-25 महिलाएं आईं और दुकान का शटर तोड़ दिया। दुकान से शराब की बोतलें बाहर निकालकर फोड़ दी और सामान में आग लगाकर कालोनी में नई शराब की दुकान खोले जाने का विरोध जताया।
इस दौरान दुकान में तोड़फोड़ और आगजनी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सेल्समैन को सूचना दी गई। पुलिस ने आग पर काबू पाया। सीओ सिविल लाइंस ने बताया कि आरोपी महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।