कुंदरकी (मुरादाबाद)। कुंदरकी थाना क्षेत्र के शिमलाठेर गांव में बुधवार की देर रात करीब एक बजे टेंपो चालक महेश ने दुपट्टे से गला घोंटकर अपनी पत्नी राजवती (35) की हत्या कर दी। इसके बाद करीब एक घंटे तक वह शव के पास ही बैठा रहा। बाद में खुद ही थाने पर फोन करके पुलिस को बुला लिया।
इससे पहले ग्राम प्रधान को भी फोन करके घटना की जानकारी दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में उसने अवैध संबंधों के शक में पत्नी की हत्या करना कबूला है।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि कुंदरकी के शिमलाठेर निवासी महेश की शादी 13 साल पहले अमरोहा जिले के डिडौली थाना क्षेत्र में हसनपुर निवासी राजवती के साथ हुई थी।
दंपती के दो बेटे विष्णु (13) और ललित (8) और एक बेटी कनक (6) हैं। महेश टेंपो चालक है और उसकी पत्नी राजवती एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी। कंपनी के टूर और अन्य कार्यक्रमों में भी जाने की बात सामने आई है। जिसको लेकर घर में विवाद रहने लगा। बुधवार की देर रात भी पति पत्नी के बीच विवाद हुआ था। रात को करीब एक बजे जब तीनों बच्चे सो गए तो महेश ने दुपट्टे से पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी।
करीब दो बजे उसने पहले प्रधान को कॉल कर बताया कि उसने अपनी पत्नी को मार डाला है और उसकी लाश घर में ही बेड पर पड़ी है। इसके बाद पुलिस को भी कॉल की। प्रधान ने भी पुलिस को इस बारे में जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव बेड पर पड़ा था और वहीं पास में ही महेश बैठा हुआ था। पास में दुपट्टा भी पड़ा मिल गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। मृतका के भाई गुड्डू की तहरीर पर हत्यारोपी महेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।