फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: रामगंगा और गांगन को कब्जों से कौन मुक्त कराएगा... जिम्मेदारों ने मूंदी आंखें

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। रामगंगा और गांगन नदियां अतिक्रमण और प्रदूषण की दोहरी मार झेल रही हैं। इन नदियों के किनारे निर्माण का विस्तार हो रहा है। वहीं, नालों और फैक्ट्रियों का गंदा पानी इनमें पहुंच रहा है। कई स्थानों पर पानी का रंग काला पड़ चुका है। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का स्नान है। अब केवल चार दिन शेष हैं। श्रद्धालु रामगंगा और गांगन के घाटों पर स्नान करने पहुंचेंगे। अभी तक घाटों की सफाई नहीं हुई है। शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधि और नगर निगम के अधिकारी इस समस्या पर आंखें मूंदे बैठे हैं।
विज्ञापन

कार्तिक पूर्णिमा पर गुलाबबाड़ी स्थित अटल घाट, लालबाग काली माता मंदिर घाट, दसवां घाट, रामगंगा विहार स्थित सीएल गुप्ता घाट और गांगन पुल के पास श्रद्धालु स्नान करते हैं। रामगंगा विहार स्थित सीएल गुप्ता घाट को छोड़कर अन्य घाटों पर अभी तक साफ-सफाई नहीं कराई गई है। सभी जगह कब्जे भी हैं। रामगंगा और गांगन दोनों नदियां प्रदूषण की समस्या से जूझ रही हैं। गांगन नदी में फैक्टरियों और कॉलोनियों से निकलने वाला गंदा पानी पहुंच रहा है। रामगंगा में भी शहर के नालों का पानी गिर रहा है। इसके अलावा जामा मस्जिद पुल के पास पीतल, एल्युमिनियम और लोहे के मिश्रण भी नदी के किनारे पर दिखाई दिए। इसके बावजूद प्रदूषण रोकने और नदी की सफाई के लिए प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
00

सरकारी रिपोर्ट में भी निर्माण वाले क्षेत्र चिह्नित

-राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) की जिला गंगा योजना के अनुसार, जिले में रामगंगा नदी की लंबाई करीब 97 किलोमीटर और गांगन नदी की लंबाई 60.3 किलोमीटर है। रिपोर्ट में विश्लेषण के आधार पर रामगंगा और गांगन के बाढ़ क्षेत्रों में निर्माण वाले स्थान चिह्नित किए गए हैं। रामगंगा के आसपास टीडीआई सिटी, चक्कर की मिलक, जिगर कॉलोनी, दौलत बाग, किसरौल, फैजगंज, लालबाग, गाड़ीखाना, जामा मस्जिद, बरवालान और दयानंद कॉलोनी है। वहीं, गांगन नदी के किनारे लाकड़ी फाजलपुर और सेक्टर-15 नया मुरादाबाद में निर्माण वाले क्षेत्र चिह्नित किए गए हैं।
विज्ञापन

00
पुजारी बोले...
-रामगंगा और गांगन के घाटों की सफाई को लेकर हर बार शासन-प्रशासन और नगर निगम को ज्ञापन दिए जाते हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता। कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान से पहले घाटों की सफाई कराई जानी चाहिए।-श्याम कृष्ण रस्तोगी, अध्यक्ष, राष्ट्रीय पुजारी परिषद
-चार दिन बाद कार्तिक पूर्णिमा का स्नान है। घाटों पर काफी गंदगी फैली है। यदि समय से सफाई नहीं हुई तो श्रद्धालुओं को परेशानी होगी और स्नान के लिए आने वालों की संख्या भी कम हो सकती है।-पुजारी महंत शास्त्री
-गंगा नदी के कई घाटों पर हर सप्ताह आरती होती है, लेकिन वहां नियमित सफाई नहीं कराई जाती है। कार्तिक पूर्णिमा नजदीक है, इसके बावजूद अब तक सफाई को लेकर कोई पहल दिखाई नहीं दी है।-विनोद शर्मा, पुजारी
00

वर्जन...

-सभी संबंधित घाटों पर नगर निगम की ओर से साफ-सफाई कराई जाएगी। घाटों पर स्वच्छता के इंतजाम किए जाएंगे। नालों का गंदा पानी सीधे नदियों में न जाए, इसके लिए शहर में दो एसटीपी काम कर रहे हैं। अगले वर्ष तक तीसरा एसटीपी भी शुरू होने की संभावना है।-अजीत कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें